-रायगढ़(ईएमएस)। जिले में एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के कर्मचारियों द्वारा फर्जी बिल वाउचर बनाकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। इस मामले में कंपनी संचालक की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ढिमरापुर निवासी कमल किशोर शाह (50) ने पुलिस को बताया कि वे अपने मित्र गजपति चौधरी के साथ “श्री राम ट्रांसपोर्ट” का संचालन करते हैं। कंपनी में कार्यरत प्रकाश मिश्रा और दीपक शर्मा वाहनों के बिल वाउचर तैयार कर भुगतान के लिए प्रस्तुत करते थे। जांच के दौरान सामने आया कि एक ही नंबर के कई वाउचर बनाकर अलग-अलग वाहनों के नाम पर भुगतान लिया गया। जब पुराने रिकॉर्ड खंगाले गए, तो सितंबर 2025 से इस गड़बड़ी का खुलासा हुआ। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कई ऐसे लोगों के नाम पर वाउचर बनाए गए, जिनका ट्रांसपोर्ट कंपनी से कोई संबंध ही नहीं था। इस मामले में संदीप बंसल, जासमिन बंजारा, नेहा चौहान, सूर्यकांत अग्रवाल, कमल बसोड़ और प्रियंका गुप्ता के नाम सामने आए हैं। आरोप है कि इन लोगों के खातों में भी फर्जी तरीके से रकम ट्रांसफर की गई। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने प्रकाश मिश्रा, दीपक शर्मा सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)08 अप्रैल 2026