रायगढ़(ईएमएस)। जिले के कोड़ातराई में प्रस्तावित एयरपोर्ट परियोजना को लेकर विरोध तेज हो गया है। जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होते ही चार गांवों के सैकड़ों ग्रामीण मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर परियोजना को निरस्त करने की मांग की। कोड़ातराई, बेलपाली, जकेला और औरदा गांव के ग्रामीण पहले मिनी स्टेडियम में एकत्रित हुए, जहां से उन्होंने रैली निकालकर कलेक्ट्रेट तक मार्च किया। इस दौरान ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों का कहना है कि एयरपोर्ट के लिए अधिग्रहित की जा रही जमीन दो फसली और सिंचित है, जो उनकी आजीविका का मुख्य आधार है। जमीन छिनने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की सहमति के बिना ही अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है, जो उनके अधिकारों का उल्लंघन है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि प्रस्तावित एयरपोर्ट के निर्माण से NH-153, पुसौर रोड, NTPC लारा रोड और ओडिशा के बरगढ़ को जोड़ने वाली सड़कें प्रभावित होंगी। इससे न केवल यातायात व्यवस्था बाधित होगी, बल्कि शासन पर अतिरिक्त आर्थिक भार भी पड़ेगा। इसके अलावा, एयरपोर्ट बनने के बाद किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने के लिए करीब 10 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ेगा, जिससे खेती-किसानी पर सीधा असर पड़ेगा। ग्रामीणों का कहना है कि इस परियोजना से कई परिवार बेघर हो जाएंगे और सैकड़ों लोगों का रोजगार प्रभावित होगा। उन्होंने शासन से मांग की है कि कोड़ातराई एयरपोर्ट परियोजना को तत्काल निरस्त कर किसानों के हितों को प्राथमिकता दी जाए। सत्यप्रकाश(ईएमएस)08 अप्रैल 2026