रायगढ़(ईएमएस)। जिले में गांजा तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत लैलूंगा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ओडिशा से गांजा लाकर बिक्री की तैयारी कर रहे तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम सिहारधार मेन रोड के पास कुछ लोग अवैध गांजा बेचने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और बैग व थैले के साथ तीन संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान दिलेश्वर यादव (19), पिंटू यादव (18) और गोमदो यादव (54) निवासी ग्राम सिहारधार के रूप में बताई। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से 9.170 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 4 लाख 35 हजार रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे गांजा ओडिशा से लाकर यहां बेचने की तैयारी में थे। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)08 अप्रैल 2026