रायगढ़ (ईएमएस)। जिले में अवैध शराब की बढ़ती बिक्री के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। अमलीभौना गांव की महिलाओं और ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा और अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत छोटे भंडार के अंतर्गत आने वाले अमलीभौना गांव में लंबे समय से अवैध देशी शराब की बिक्री जारी है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है, जिससे गांव में स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। महिलाओं का कहना है कि अवैध शराब के कारण गांव का माहौल खराब हो गया है। युवा पीढ़ी नशे की ओर बढ़ रही है और छोटे बच्चे भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। इसके साथ ही घरेलू हिंसा की घटनाओं में भी वृद्धि हो रही है, जिससे ग्रामीण परेशान हैं। अमलीभौना निवासी पल्लवी सिदार ने बताया कि गांव में अवैध शराब की बिक्री से हर वर्ग प्रभावित है। उन्होंने कहा कि युवा गलत रास्ते पर जा रहे हैं और परिवारों में तनाव व हिंसा बढ़ रही है। इसी कारण ग्रामीणों ने एकजुट होकर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अवैध शराब की बिक्री पर रोक नहीं लगाई गई, तो वे आगे और बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)08 अप्रैल 2026