सूरजपुर(ईएमएस)। जिले के करतमा गांव में सगाई समारोह में शामिल होने गए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक रात में गंभीर हालत में मिला था, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां आज सुबह डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने युवक के साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। जानकारी के अनुसार, जयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम करतमा निवासी समर साय यादव (40) अपने परिवार के साथ बरपारा में आयोजित सगाई समारोह में शामिल होने गया था। रात को भोजन के बाद परिवार के अन्य सदस्य घर लौट आए, जबकि समर साय ने कुछ देर में आने की बात कही थी। रात करीब 12 बजे गांव के ही दो युवक—जनेउ धारी बरगाह और महादेव बरगाह—उसे बाइक पर घर लेकर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को बताया कि समर साय उनके घर के बाहर बेहोशी की हालत में पड़ा मिला था। सुबह तक होश नहीं आने पर परिजनों ने उसे अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर रायपुर रेफर किया गया। परिजन उसे लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में बिलासपुर के पास उसकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद उसे वापस अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक के छोटे भाई अमर साय ने आरोप लगाया है कि समर साय के सिर में गंभीर चोटें थीं और उसके साथ मारपीट की गई है। उन्होंने कहा कि उसे घर छोड़ने आए दोनों युवकों को घटना की जानकारी है, लेकिन वे कुछ नहीं बता रहे हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और उनके बयान दर्ज कर लिए हैं। मामले की केस डायरी जयनगर थाने भेजी जा रही है, जहां आगे की जांच की जाएगी। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)08 अप्रैल 2026