धमतरी(ईएमएस)। जिले में किसानों को उचित दर पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। कृषि विभाग की टीम द्वारा जिलेभर में उर्वरक विक्रय केंद्रों का सघन और औचक निरीक्षण किया जा रहा है। उप संचालक कृषि और उर्वरक निरीक्षकों की संयुक्त टीम ने निजी उर्वरक दुकानों में छापेमारी कर भौतिक सत्यापन किया। जांच के दौरान पॉश (POS) मशीन में दर्ज स्टॉक और वास्तविक उपलब्ध उर्वरक में अंतर पाया गया। साथ ही स्टॉक रजिस्टर का सही संधारण नहीं होने सहित कई अनियमितताएं सामने आईं। कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने मेसर्स राजेश ट्रेडर्स धमतरी, कृषक साथी धमतरी, राज इंटरप्राइजेस अर्जुनी, श्री श्याम ट्रेडर्स श्यामतराई, महेन्द्र ट्रेडर्स नगरी, जय किसान ट्रेडर्स नगरी, किसान संगवारी बोरसी मगरलोड, साक्षी कृषि केंद्र परसवानी और मानिक ट्रेडर्स मगरलोड सहित कुल 9 उर्वरक विक्रय केंद्रों की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। इसके अलावा मगरलोड, कुरूद और धमतरी विकासखंड के अन्य केंद्रों—मेसर्स छत्तीसगढ़ खाद भंडार सांकरा, प्रेम कृषि केंद्र मगरलोड, किसान ट्रेडर्स कुरूद, देवांगन कृषि केंद्र कोकड़ी, कुणाल कृषि केंद्र कोलियारी और देवांगन ट्रेडर्स रत्नाबांधा—को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इन विक्रेताओं को निर्धारित समय-सीमा में जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी या अधिक कीमत पर बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने पर लाइसेंस निलंबन या निरस्तीकरण सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसानों की सुविधा के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां उर्वरक संबंधी शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं। साथ ही मैदानी स्तर पर निरीक्षक दलों की तैनाती कर लगातार निगरानी की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)08 अप्रैल 2026