क्षेत्रीय
08-Apr-2026
...


धमतरी(ईएमएस)। नगर निगम में महिला सभापति कौशल्या देवांगन के सरकारी वाहन हटाए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बीते एक सप्ताह से सभापति ई-रिक्शा से निगम कार्यालय आ-जा रही हैं, जिससे राजनीतिक विवाद गहरा गया है। सभापति कौशल्या देवांगन ने बताया कि सामान्य सभा की बैठक के अगले ही दिन उनसे वाहन वापस ले लिया गया। इसके बाद से उन्हें किराए के ई-रिक्शा का सहारा लेना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब कारण पूछा गया तो पहले तकनीकी खराबी बताई गई, जबकि वाहन पहले पूरी तरह ठीक था। इस मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर ने इसे महिला सभापति का अपमान बताते हुए “ट्रिपल इंजन फेल” करार दिया। उन्होंने कहा कि एक ओर नारी सशक्तिकरण की बात होती है, वहीं दूसरी ओर सभापति को ऑटो से आने-जाने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस उग्र विरोध करेगी। वहीं महापौर रामू रोहरा ने सफाई देते हुए कहा कि सभापति, महापौर और कमिश्नर की गाड़ियां खराब हैं। नगर निगम में पेट्रोल-डीजल भुगतान से जुड़ी समस्याओं के कारण भी वाहन संचालन प्रभावित हुआ है। उन्होंने बताया कि पुराने वाहनों पर अधिक खर्च आ रहा था, इसलिए उन्हें राइट-ऑफ करने की प्रक्रिया चल रही है और नई गाड़ियों की मांग की जाएगी। महापौर ने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था संभव नहीं है और पेट्रोल-डीजल की समस्या के चलते कई गाड़ियां खड़ी हैं। सत्यप्रकाश(ईएमएस)08 अप्रैल 2026