क्षेत्रीय
08-Apr-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। जिले के गोबरा नवापारा में पुलिस पर गंभीर आरोप लगे हैं। नगर पालिका के एक सफाई कर्मचारी के साथ थाने में मारपीट का मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। पीड़ित की पहचान जुगे माचखंड के रूप में हुई है, जिसका हाथ फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है। जानकारी के अनुसार, गोबरा नवापारा थाने में पदस्थ आरक्षक हुलास साहू सुबह पीड़ित को नाली सफाई के बहाने थाने लेकर गया था। आरोप है कि वहां चोरी के एक मामले में पूछताछ के दौरान उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित के परिजन, मोहल्लेवासी और नगर पालिका के अन्य सफाई कर्मचारी बड़ी संख्या में थाने पहुंचे और दोषी आरक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। वहीं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवापारा के अध्यक्ष राम यादव के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों ने भी थाने पहुंचकर विरोध जताया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आम जनता और कर्मचारियों के साथ इस तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पुलिसकर्मी पर तत्काल सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच की बात कही है, लेकिन अब तक आरोपी आरक्षक पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे लोगों में नाराजगी बनी हुई है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)08 अप्रैल 2026