- कांकेर चैंबर ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन कांकेर(ईएमएस)। शहर में साप्ताहिक बाजार के दिनों में हो रही बिजली कटौती से व्यापारियों की परेशानियां बढ़ गई हैं। इसी मुद्दे को लेकर कांकेर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था में सुधार की मांग की है। पदाधिकारियों ने बताया कि नगर में हर रविवार और बुधवार को साप्ताहिक बाजार लगता है, जिसमें दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में विशेष रूप से रविवार को बिजली बंद किए जाने से व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है और ग्राहकी भी प्रभावित हो रही है। व्यापारियों का कहना है कि बिजली नहीं रहने से दुकानों में सामान दिखाने और लेन-देन करने में कठिनाई होती है, जिससे बाजार की रौनक भी प्रभावित होती है। इसके अलावा विद्युत विभाग द्वारा बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप से कुछ व्यापारियों को हटाए जाने पर भी नाराजगी जताई गई। उनका कहना है कि इससे जरूरी सूचनाओं का आदान-प्रदान बाधित हो रहा है। चैंबर ने मांग की है कि मेंटेनेंस कार्य साप्ताहिक बाजार के दिनों (रविवार और बुधवार) को छोड़कर अन्य दिनों में किया जाए, ताकि व्यापार प्रभावित न हो। साथ ही जिन व्यापारियों को व्हाट्सएप ग्रुप से हटाया गया है, उन्हें पुनः जोड़ा जाए। ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में चैंबर अध्यक्ष अनूप शर्मा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अरुण कौशिक, महामंत्री दिनेश रजक, वरिष्ठ व्यवसायी नंदकुमार ओझा, पार्षद विकास अंभोरे, मो. शकील मेमन, सागर केशवानी, अजय जैन, मो. असलम ईशानी, लक्की केशवानी, मनीष केशवानी, गोल्ड लालवानी सहित अन्य व्यापारी शामिल रहे। ईएमएस(राकेश गुप्ता)08 अप्रैल 2026