रायपुर(ईएमएस)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के दिल्ली दौरे को लेकर प्रदेश सरकार ने बस्तर क्षेत्र के विकास को लेकर बड़ा संकेत दिया है। मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बस्तर के समग्र विकास का ब्लूप्रिंट सौंपा है। उन्होंने कहा कि इस ब्लूप्रिंट के क्रियान्वयन से आने वाले समय में छत्तीसगढ़, खासकर बस्तर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर विकास कार्य होंगे। मंत्री कश्यप ने कहा कि सरकार की प्रमुख प्राथमिकता बस्तर में शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना को मजबूत करना है। मुख्यमंत्री के प्रयासों से प्रधानमंत्री की मंशा को आगे बढ़ाने में मदद मिल रही है और भाजपा सरकार बस्तर जैसे पिछड़े क्षेत्रों में तेजी से काम करेगी। भूजल स्तर में लगातार हो रही गिरावट पर चिंता जताते हुए केदार कश्यप ने कहा कि अत्यधिक दोहन के कारण जलस्तर तेजी से कम हो रहा है। सरकार इसे नियंत्रित करने के लिए सक्रिय प्रयास कर रही है। कई क्षेत्रों में गर्मी की फसल के दौरान भूजल उपयोग पर पाबंदी भी लगा दी गई है। उन्होंने बताया कि इस पहल में किसानों का भी अच्छा सहयोग मिल रहा है। कांग्रेस की प्रस्तावित बैठकों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने आंतरिक विवाद सुलझाने चाहिए। उन्होंने पूछा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने आम जनता के लिए कौन-सी ठोस योजनाएं बनाईं? नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति स्थापना के प्रयासों के तहत नक्सलमुक्त गांवों को एक करोड़ रुपये देने की योजना पर केदार कश्यप ने कहा कि इसकी घोषणा पंचायत स्तर पर की गई है। जो गांव खुद को नक्सल मुक्त घोषित करेंगे, उन्हें इस योजना का लाभ मिलेगा। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)08 अप्रैल 2026