क्षेत्रीय
08-Apr-2026
...


कांकेर (ईएमएस)। जिले में रेत खदानों से इस वित्तीय वर्ष 2025-26 में 2.33 करोड़ रुपए से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है। खनिज विभाग के अनुसार 76.62 लाख रुपए रॉयल्टी और 1.56 करोड़ रुपए प्रीमियम के रूप में वसूले गए हैं। जिले में वर्तमान में 15 रेत खदानें संचालित हैं, जो चारामा और दुर्गूकोंदल क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्थित हैं। इसके अलावा 16 अस्थायी रेत भंडारण लाइसेंस भी स्वीकृत किए गए हैं। खनिज विभाग की टास्क फोर्स टीम ने पूरे वर्ष अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की। इस दौरान 99 प्रकरण दर्ज कर 99 वाहनों को जब्त किया गया और 27.65 लाख रुपए की समाशोधन राशि वसूली गई। वहीं अवैध भंडारण के 13 मामलों में 9.81 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। अवैध खनन के 5 मामलों में 5 मशीन और 4 वाहन जब्त कर 7.45 लाख रुपए की वसूली की गई है। हाल ही में भी कार्रवाई करते हुए 7 वाहन और 5 मशीनें जब्त की गई हैं तथा संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया गया है। जिला खनिज अधिकारी सनत कुमार साहू ने कहा कि रेत खदानों का संचालन नियमों के तहत सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर नियंत्रण के लिए टास्क फोर्स सक्रिय है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। हालांकि, बढ़ती कार्रवाई के बावजूद अवैध खनन पूरी तरह थमता नजर नहीं आ रहा है। 99 वाहनों की जब्ती और लाखों की वसूली इस बात का संकेत है कि अवैध नेटवर्क अब भी सक्रिय हैं। रेत खनन केवल राजस्व का विषय नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और पारदर्शिता से भी जुड़ा गंभीर मुद्दा है। लगातार अवैध उत्खनन से नदियों का संतुलन बिगड़ने और भूजल स्तर प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। - ईएमएस(राकेश गुप्ता)08 अप्रैल 2026