- वेतन बढ़ाने और अन्य सुविधाओं को लेकर कर रहे हैं आंदोलन कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले में अदानी, बालको के पश्चात अब एनटीपीसी कोरबा के मजदूर भी अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतर आए हैं। इन मजदूरों का कथन है कि 8 घंटे की ड्यूटी के बाद उन्हें ओटी दिया जाए और केंद्र सरकार द्वारा जारी दर पर पेमेंट दिया जाए। जानकारी के अनुसार एनटीपीसी-कोरबा के गेट नंबर 2 पर बड़ी संख्या में श्रमिक एकत्रित हुए और उन्होंने काम बंद करने का ऐलान कर दिया। एनटीपीसी में जितनी भी कंपनियां काम कर रहे हैं उसके सारे ठेका मजदूर एक साथ काम बंद कर अपनी मांगों को लेकर जब एकत्रित हुए तो एनटीपीसी प्रबंधन भी सकते में आ गया। पुलिस को सूचना दी गई उसकी मदद से कुछ मजदूरों को गेट के अंदर बुलाकर समझाया बुझाया गया, लेकिन अधिकांश मजदूर काम पर लौटने राजी नहीं हुए। उल्लेखनीय हैं कि पिछले महीने कोरबा के अदानी पावर में मजदूरों ने इन्हीं मांगों को लेकर आंदोलन किया, उसके बाद यह आंदोलन बालकों में किया गया, वहां तीन दिन तक आंदोलन चलता रहा और अब एनटीपीसी प्रबंधन की नाक में दम करते हुए मजदूरों ने वहां आंदोलन शुरू कर दिया है। 08 अप्रैल / मित्तल