- कच्चे मकान को ढहाया और अनाज की टंकी में भरा पानी गुना (ईएमएस)। जिले के चांचौड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम न्यादरी में एक प्रेम प्रसंग के मामले ने हिंसक रूप ले लिया। गांव के एक युवक और दूसरे गांव की युवती के साथ भाग जाने से नाराज होकर लड़की पक्ष के लोगों ने युवक के घर पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने न केवल कच्चे मकान को ट्रैक्टर से ढहा दिया, बल्कि पक्के मकान का ताला तोड़कर अंदर रखा सारा सामान तहस-नहस कर दिया। इस हमले में पीड़ित परिवार का करीब 5 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। ताला तोड़कर अंदर घुसे हमलावर, अनाज भी किया बर्बाद फरियादिया रामलता मीणा ने चाचौड़ा थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि गत दोपहर करीब 2 बजे जब उनका परिवार खेत पर काम करने गया था, तभी गांव के मिथुन मीणा ने मोईखेजड़ा निवासी ऊधम सिंह मीणा और उसके साथियों के साथ मिलकर उनके घर पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने ट्रैक्टर चलाकर कच्चे मकान की दीवारें गिरा दीं। इसके बाद उन्होंने पक्के मकान का ताला तोड़ा और कमरों में घुसकर सामान की तोड़फोड़ की। क्रूरता की हद तो तब हो गई जब हमलावरों ने कमरे में रखी गेहूं से भरी टंकी में पानी डाल दिया, जिससे सारा अनाज खराब हो गया। प्रेम प्रसंग बनी विवाद की मुख्य वजह घटना के पीछे युवक-युवती का घर से भागना बताया जा रहा है। फरियादिया के अनुसार, उनका बेटा अजीत मीणा और आरोपी ऊधम सिंह की बेटी शिवानी मीणा एक साथ घर से निकल गए हैं। इसी बात की रंजिश रखते हुए लड़की पक्ष के लोग लाठी-डंडों और ट्रैक्टर के साथ अजीत की तलाश में पहुंचे थे। आरोपियों ने भागते समय अजीत को जान से मारने की धमकी भी दी है। पुलिस ने रामलता मीणा की शिकायत पर ऊधम सिंह, मिथुन, ऊधम सिंह के लड़के और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है। घटना के चश्मदीद शेषनारायण और कल्याण मीणा ने भी पुलिस को पूरी वारदात की जानकारी दी है।।-सीताराम नाटानी