- तेज बारिश और आंधी से मची तबाही, छोगाला गांव में आधी रात हुआ हृदयविदारक हादसा पंचमहल (ईएमएस)| जिले के शहेरा तालुका में कुदरत के प्रकोप ने एक बेहद हृदयविदारक और भयावह घटना को जन्म दिया है। शहरा तालुका के छोगाला गांव में देर रात तेज गाज-वीज, आंधी और मूसलाधार बारिश के बीच एक मकान की दीवार अचानक ढह गई, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा इतना अचानक हुआ कि घर में मौजूद लोगों को संभलने या बचने का कोई मौका ही नहीं मिला। दीवार गिरते ही मलबे के नीचे दबने से 42 वर्षीय महिला और महज 7 साल के मासूम बच्चे की सांसें थम गईं। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल फैल गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन दुर्भाग्यवश दोनों को बचाया नहीं जा सका। बाद में दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए शहरा रेफरल अस्पताल भेजा गया, जहां परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीणों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण कच्चे मकान और जर्जर दीवारें खतरे का कारण बनती जा रही हैं, जिसका खामियाजा इस परिवार को भुगतना पड़ा। घटना के बाद प्रशासन भी सक्रिय हो गया है और प्रभावित परिवार को उचित सहायता प्रदान करने की मांग उठ रही है। पंचमहल के ग्रामीण इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं के चलते लोगों में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है। सतीश/08 अप्रैल