08-Apr-2026


जबलपुर, (ईएमएस)। बेलबाग थानान्तर्गत सीएमएम कम्पाउंड लालचर्च के सामने रहने वाले एक व्यक्ति ने अपने घर की पहली मंजिल पर एक कमरा एक हॉल व पोर्च बनाने के लिए पड़ोस में काम कर रहे ठेकेदार को ठेका दिया था। ठेकेदार को स्टाम्प पेपर के माध्यम से इस काम के एवज में 3 लाख 82 हजार रूपए का ऑनलाईन भुगतान किया गया था। इसके बावजूद ठेकेदार ने काम पूरा नहीं कर 2 लाख रूपए का ही निर्माण कार्य किया और शेष रकम अमानत में ख्यानत कर हड़प कर अधूरा काम छोड़कर भाग गया। आरोपी ठेकेदार के खिलाफ 406 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। बेलबाग पुलिस ने बताया कि सीएमएम कम्पाउंड लाल चर्च बेलबाग निवासी आकाश विल्सन को अपने घर के ऊपर कुछ निर्माण कार्य कराना था उसने इस काम की जिम्मेदारी पड़ोस में काम कर रहे ठेकेदार मानेगांव रांझी निवासी विजेन्द्र सिंह चौहान को दी थी। ठेकेदार विजेन्द्र सिंह को अनुबंध के तहत मकान की ऊपरी मंजिल पर एक कमरा एक हॉल सामने का पोर्च सीढ़ी तथा भूतल में किचिन, खिड़की स्लैब व पुट्टी का काम करना था इसके लिए आकाश ने ठेकेदार को अपनी मां की मौजूदगी में स्टॉम्प पेपर के माध्यम से एक एग्रीमेंट कर 3 लाख 82 हजार रूपए की राशि का ऑनलाईन का भुगतान किया था। पैसा पूरा लेने के बावजूद ठेकेदार विजेन्द्र सिंह महज 2 लाख रूपए का ही निर्माण कार्य किया और शेष रकम को अमानत में ख्यानत कर हड़पते हुए काम को अधूरा छोड़कर भाग गया। सुनील साहू / मोनिका / 08 अप्रैल 2026/ 01.40