राज्य
08-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली विधानसभा में हुई सुरक्षा चूक के मामले में दिल्ली पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए अपनी सुरक्षा इकाई के दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। आधिकारिक बयान के मुताबिक, प्रारंभिक जांच (प्राइमा फेसी) में लापरवाही सामने आने के बाद एक सब-इंस्पेक्टर और एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) को सस्पेंड किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद विधानसभा में एक उच्च स्तरीय संयुक्त सुरक्षा समीक्षा बैठक आयोजित की गई। सूत्रों के अनुसार, बैठक में सुरक्षा खामियों को दूर करने के लिए कई अहम सुझाव दिए गए। इनमें नियमित मासिक मॉक ड्रिल आयोजित करना और एक केंद्रीकृत नियंत्रण प्रणाली के साथ इंटीग्रेटेड अलार्म सिस्टम लगाने की सिफारिश शामिल है, ताकि आपात स्थिति में त्वरित और समन्वित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके। जांच में सामने आया है कि आरोपी सरबजीत सिंह (37) ने सोमवार शाम अपनी एसयूवी कार से दिल्ली विधानसभा परिसर में जबरन प्रवेश किया था। उसने वीआईपी एंट्री के लिए निर्धारित गेट नंबर-2 को तोड़ते हुए अंदर घुसपैठ की और स्पीकर की गाड़ी में एक गुलदस्ता और माला रखकर परिसर से बाहर निकल गया। जिस एसयूवी का आरोपी ने इस्तेमाल किया था, उसे फरवरी में खरीदा गया था। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/08/ अप्रैल /2026