08-Apr-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के जंगपुरा में बन रहा रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) स्टेशन नमो भारत ट्रेन के दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर डिपो स्टेशन का काम करेगा। इसका इस्तेमाल ट्रेनों को खड़ा करने और उनके मेंटिनेंस के लिए किया जाएगा। दिल्ली के जंगपुरा में नमो भारत ट्रेन का स्टेशन बनाया जाएगा, जो दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के लिए एक डिपो स्टेशन के तौर पर काम करेगा। नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (एनसीआरटीसी) ने इस नए आरआरटीएस स्टेशन पर काम शुरू कर दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, जंगपुरा में इस स्टेशन का काम जमीन से जुड़े कानूनी विवादों के कारण कई सालों से अटका हुआ था। अधिकारियों ने बताया कि इस स्टेशन का इस्तेमाल ट्रेनों को खड़ा करने और उनके मेंटिनेंस के लिए किया जाएगा। इससे ट्रेनों के टर्नअराउंड टाइम को बेहतर बनाने और सेवा की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही एनसीआरटीसी ने सराय काले खां आरआरटीएस स्टेशन पर अन्य मल्टी-मॉडल इंटीग्रेशन के काम भी शुरू कर दिए हैं। यह स्टेशन इस कॉरिडोर पर एक अहम इंटरचेंज हब है और आने वाले नमो भारत कॉरिडोर के लिए भी इसकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी। अधिकारियों ने बताया कि इन कामों का मकसद इस इलाके में अलग-अलग परिवहन साधनों के बीच लास्ट-माइल कनेक्टिविटी और यात्रियों की आवाजाही को बेहतर बनाना है। यहां पर दिल्ली मेट्रो के एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन तक जाने वाले फुटओवरब्रिज के बीच जोड़ने वाले पॉइंट्स भी बनाए जाएंगे। सराय काले खां में खाली पड़ी जमीन को फिर से इस्तेमाल लायक बनाना, पैदल यात्रियों के लिए रास्ते बनाना, और आरआरटीएस स्टेशन व पास के रेलवे स्टेशन के बीच यात्रियों की आसान आवाजाही के लिए ट्रैवेलेटर सिस्टम भी लगाए जाएंगे। ऐसा मानना है कि इन कामों से निजामुद्दीन स्टेशन पर नमो भारत रेल, मेट्रो और भारतीय रेलवे की सेवाओं के बीच इंटरचेंज करने वाले यात्रियों के लिए ट्रांसफर समय में काफी कमी आएगी। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/08/ अप्रैल /2026