राज्य
08-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जीएसटी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। बिना किसी पूर्व सूचना के मुख्यमंत्री अचानक जीएसटी कार्यालय पहुंचीं और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई अधिकारियों और कर्मचारियों की अनुपस्थिति देखकर मुख्यमंत्री काफी नाराज हो गईं। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने तुरंत पूरे कार्यालय की विस्तृत उपस्थिति रिपोर्ट तलब कर ली है। सूत्रों के अनुसार, अनुपस्थित अधिकारियों की सूची आने के बाद उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की जाएगी। इस बीच उन्होंने इमारत में मरम्मत वाली जगहों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के संबंध में सीएम के आधिकारिक एक्स अकाउंट से जानकारी देते हुए बताया गया, आईटीओ स्थित स्टेट जीएसटी कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद कर कार्यप्रणाली की समीक्षा की। पोस्ट में सीएम ने कहा कार्यालय में समयबद्धता, स्वच्छता और व्यवस्थित कार्यसंस्कृति सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए। लापरवाही, देरी या अनावश्यक जटिलता के लिए कोई स्थान नहीं होगा। व्यापार दिल्ली की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। हमारी प्राथमिकता है कि हर प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और सुगम हो, ताकि व्यापारी बिना किसी बाधा के अपने कार्य पर ध्यान केंद्रित कर सकें। दिल्ली सरकार हर विभाग में जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए, जनता और व्यापारियों को सहज, सरल और विश्वसनीय व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/08/ अप्रैल /2026