मुम्बई (ईएमएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल)) का आजकल 19वां सत्र खेला जा रहा है। इस लीग में दुनिया भर के क्रिकेटर खेल रहे हैं। केवल पाकिस्तान के खिलाड़ियों को ही इसमें प्रतिबंधित किया गया है। आईपीएल की शुरुआत साल 2008 में हुई थी। उस समय इसमें कई पाक खिलाड़ियों को भी खेलने का अवसर मिला था। आईपीएल के पहले सत्र में पांच टीमों ने बढ़-चढ़कर पाक खिलाड़ियों पर बोली लगायी थी। आईपीएल के साल 2008 सत्र में सभी टीमों को मिलाकर कुल 11 पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इसमें सबसे ज्यादा चार खिलाड़ी कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) की टीम में शामिल थे। ये खिलाड़ी थे शोएब अख्तर, मोहम्मद हफीज, उमर गुल और सलमान बट। केकेआर के अलावा डेक्कन चार्जर्स से शाहिद अफरीदी, राजस्थान रॉयल्स से यूनिस खान, कामरान अकमल और सोहेल तनवीर, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से मिस्बाह उल हक और दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम से शोएब मलिक और मोहम्मद आसिफ जैसे पाक खिलाड़ियों ने खेला था। वहीं मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स में एक भी पाक खिलाड़ी शामिल नहीं था। प्रतिबंध के बाद भी इंग्लैंड की नागरिकता होने के कारण पाक क्रिकेटर अजहर महमूद ने आईपीएल में दो टीमों की ओर से खेला है। अजहर ने साल 2012 और 2013 में पंजाब किंग्स से खेला था। वहीं साल 2015 आईपीएल में अजहर को केकेआर ने खरीदा था। गिरजा/ईएमएस 10 अप्रैल 2026