कांकेर(ईएमएस)। जिले में रसोई गैस की किल्लत ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। इंडियन गैस की सप्लाई पिछले 20 दिनों से पूरी तरह बंद है, जिससे उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, दुर्गूकोंदल वितरण केंद्र में 21 मार्च से गैस आपूर्ति ठप है और अब तक स्थिति सामान्य नहीं हो पाई है। उपभोक्ताओं का कहना है कि सिलेंडर बुकिंग कराने के बाद भी समय पर डिलीवरी नहीं मिल रही, जिससे रोजमर्रा का काम प्रभावित हो रहा है। स्थानीय उपभोक्ता मुन्ना सिन्हा, ओम दुग्गा और महेश कुमार महादेव रावटे ने बताया कि वे कई दिनों से गैस सिलेंडर के लिए प्रयास कर रहे हैं, लेकिन हर बार निराश होकर लौटना पड़ रहा है। इधर, इंडियन गैस वितरक भावेश कुमार सोनी ने बताया कि बढ़ती मांग को देखते हुए कंपनी से अतिरिक्त सप्लाई की मांग लगातार की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। गैस संकट के चलते ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं और जल्द समाधान की उम्मीद की जा रही है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)10 अप्रैल 2026