गुना (ईएमएस)। जिले के राघौगढ़ क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे खड़ी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। बिना किसी बाहरी कारण के अचानक उठी लपटों ने आसपास मौजूद लोगों को चौंका दिया और कुछ ही पलों में मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि स्थानीय लोगों की सूझबूझ और तत्परता के चलते बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, स्कूटी काफी देर से एक स्थान पर खड़ी थी। अचानक उसमें से धुआं उठना शुरू हुआ और देखते ही देखते स्कूटी आग के गोले में बदल गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ देर के लिए लोग पास जाने से भी घबराने लगे। घटना के दौरान आसपास खड़े लोगों ने तुरंत बाल्टियों और बोतलों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की। करीब कुछ मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कूटी में आग लगने का कोई स्पष्ट बाहरी कारण नजर नहीं आया। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि भीषण गर्मी के कारण बैटरी ओवरहीट होकर फटने जैसी स्थिति में पहुंच गई, जिससे आग भड़क गई। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। इस घटना ने क्षेत्र में इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर नई चिंता खड़ी कर दी है। लगातार बढ़ती गर्मी के बीच इस तरह की घटनाएं लोगों के लिए चिंता का विषय बनती जा रही हैं। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।।- सीताराम नाटानी