क्षेत्रीय
10-Apr-2026
...


- संतों ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी! मंदिर की जमीन पर कब्जे की नीयत से 90 वर्षीय पुजारी पर हमला, इलाके में आक्रोश गुना (ईएमएस)।जिले के रुठियाई चौकी क्षेत्र के ग्राम देहरी स्थित चांदी वाले हनुमान मंदिर में जमीन विवाद को लेकर 90 वर्षीय पुजारी पर हमले की घटना ने क्षेत्र में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। आरोप है कि मंदिर की जमीन पर कब्जा करने की नीयत से गांव के ही एक व्यक्ति ने बुजुर्ग पुजारी पर अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार मंदिर के पुजारी कमल दास महाराज, जो वर्षों से मंदिर की सेवा कर रहे हैं, मंदिर की करीब 4-5 बीघा जमीन पर खेती कर अपना और मंदिर का भरण-पोषण करते हैं। आरोप है कि इसी जमीन पर नजर गड़ाए बैठे भैयालाल गुर्जर ने बुधवार दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच मंदिर परिसर में पहुंचकर पहले गाली-गलौज की और फिर डंडे से हमला कर दिया। हमले में महाराज के कंधे, आंख और पीठ पर चोटें आई हैं। पुजारी ने बताया कि आरोपी लंबे समय से जमीन हड़पने की कोशिश कर रहा था। घटना के दौरान आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। मौके पर किसी के आ जाने पर वह फरार हो गया। घायल अवस्था में पुजारी को पुलिस की मदद से चौकी लाया गया। मामले को लेकर पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर अप.क्र. 023/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296(बी), 351(3) के तहत अपराध कायम किया है और जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद संत समाज और स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है। भुजरिया तालाब मंदिर के महंत राघवेंद्र दास महाराज भी घायल पुजारी से मिलने पहुंचे और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। - सीताराम नाटानी