भोपाल(ईएमएस)। शहर के छोला मंदिर थाना इलाके में शादी का झांसा देकर बैतूल की छात्रा के साथ युवक द्वारा ज्यादती किये जाने का मामला सामने आया है। आरोपी दोस्त ने छात्रा को अपने घर में ही हवस का शिकार बनाया था। बीते दिनो आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया जिसके बाद मामला थाने जा पहुंचा, पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, 25 वर्षीय पीड़िता युवती बैतूल की रहने वाली है। अपनी शिकायत में उसने बताया की साल 2023 में वह पढ़ाई करने के लिए भोपाल आई थी। यहां उसकी मुलाकात हिमांशु अहिरवार से हुई थी। आरोपी हिमांशु ने उससे दोस्ती की और फिर नजदीकियां बढ़ाने के बाद उसे बहाने से अपने मालीखेड़ी स्थित घर पर ले गया। वहॉ उसने उसकी मर्जी के खिलाफ उसके साथ दुष्कर्म किया। जब उसने विरोध करते हुए शिकायत करने की बात कही तब आरोपी ने उसे शादी करने का वादा किया। इसके बाद वह लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। कुछ दिन पहले जब पीड़िता ने उस पर शादी करने का दबाव बनाया तब आरोपी ने उसके साथ शादी करने से इंकार करते हुए उससे दुरियां बना ली। घटना के बाद युवती बैतूल चली गई और वहॉ उसने आरोपी के खिलाफ जीरो पर केस दर्ज कराया। वहां से केस डायरी आने पर पुलिस ने असल कायमी कर आरोपी युवक की गिरफ्तारी के प्रयास शुरु कर दिये है। जुनेद / 10 अप्रैल