क्षेत्रीय
15-Apr-2026
...


सक्ती(ईएमएस)। जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में 14 अप्रैल को हुए भीषण बॉयलर हादसे की जांच अब प्रशासनिक स्तर पर तेज हो गई है। जिला प्रशासन ने मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए हैं। डभरा एसडीएम को जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए 30 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने जांच के लिए आठ प्रमुख बिंदु तय किए हैं, जिनमें घटना कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, हादसे के समय कौन-कौन से मजदूर कार्यरत थे, मृतकों व घायलों की पहचान, और घटना के पीछे तकनीकी या मानवीय कारण क्या रहे—इन सभी पहलुओं की जांच शामिल है। इसके अलावा औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग द्वारा प्लांट के निरीक्षण रिकॉर्ड, निरीक्षण में पाई गई कमियां और उन पर की गई कार्रवाई की भी जांच की जाएगी। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए क्या उपाय अपनाए जा सकते हैं। जांच में यह भी तय किया जाएगा कि हादसे के लिए जिम्मेदार कौन है और अन्य संबंधित बिंदुओं पर भी विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इधर, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी हादसे की जांच के लिए अलग समिति का गठन किया है। पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में 9 सदस्यीय समिति बनाई गई है। यह समिति पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर घटना की वास्तविक स्थिति का जायजा लेगी और अपनी रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को सौंपेगी। समिति में कई पूर्व मंत्री, विधायक और जिला अध्यक्ष शामिल हैं, जो अलग-अलग स्तर पर मामले की जांच करेंगे। फिलहाल प्रशासनिक और राजनीतिक दोनों स्तर पर जांच शुरू होने से मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)15 अप्रैल 2026