सागर (ईएमएस) । दरअसल मध्यप्रदेश के सागर जिले के विकास को नई रफ्तार देने और सरकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने मीडिया प्रतिनिधियों के साथ अहम संवाद किया। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित इस संवाद में कलेक्टर ने विकास की प्राथमिकताओं के साथ प्रशासनिक सख्ती के संकेत भी दिए। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने स्पष्ट किया कि जिले में बुनियादी ढांचे का विस्तार और उसके बेहतर परिणाम प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकता हैं। दूरस्थ क्षेत्रों में स्कूलों के उन्नयन और डिजिटल लर्निंग को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल से लेकर उप-स्वास्थ्य केंद्रों तक दवाओं की उपलब्धता और डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए रियल-टाइम मॉनिटरिंग लागू की जा रही है। जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक नल से जल पहुंचाने का कार्य तेजी से जारी है, वहीं किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। संवाद के दौरान मीडिया द्वारा उठाए गए ट्रैफिक,अतिक्रमण और अन्य स्थानीय मुद्दों पर कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने दो टूक कहा कि जनहित योजनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रशासन का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। ईएमएस/15/04/26