रायगढ़(ईएमएस)। जिले में अवैध कबाड़ के परिवहन और संग्रहण पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के उद्योग प्रमुखों और उनके प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें अवैध स्क्रैप कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण और उद्योगों की जिम्मेदारियों को स्पष्ट किया गया। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने की। इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अवैध स्क्रैप व्यापार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अवैध कबाड़ कारोबार केवल चोरी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें टैक्स चोरी, लोहा-तांबा की चोरी, जीएसटी धोखाधड़ी और संगठित आपराधिक गतिविधियां शामिल हैं। साथ ही यह भी बताया गया कि किस प्रकार अवैध कारोबारी उद्योगों को अपने जाल में फंसा लेते हैं, जिससे कंपनियां अनजाने में कानूनी जोखिम में आ जाती हैं। प्रेजेंटेशन के दौरान “क्या करें और क्या न करें” के जरिए उद्योगों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। उन्हें अवैध स्रोत से कबाड़ खरीदने से बचने और हर लेन-देन को वैध दस्तावेजों के साथ करने की सलाह दी गई। बैठक में यह भी बताया गया कि अवैध कबाड़ परिवहन करने वाले लोग पुलिस से बचने के लिए खतरनाक तरीके अपनाते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है और कानून-व्यवस्था भी प्रभावित होती है। इस दौरान डिप्टी कमिश्नर जीएसटी मनीष मिश्रा ने अवैध स्क्रैप कारोबार में टैक्स चोरी और फर्जी बिलिंग से जुड़े कानूनी प्रावधानों और दंडात्मक कार्रवाई की जानकारी दी। वहीं, एसडीएम महेश शर्मा ने प्रशासनिक स्तर पर सख्ती और उद्योगों की जवाबदेही पर जोर दिया। सत्यप्रकाश(ईएमएस)15 अप्रैल 2026