क्षेत्रीय
15-Apr-2026
...


खैरागढ़-छुईखदान-गंडई(ईएमएस)। जिले में एटीएम मशीन में तोड़फोड़ कर चोरी का प्रयास करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उदयपुर स्थित एक एटीएम मशीन की देखरेख करने वाले प्रार्थी ने थाना छुईखदान में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 अप्रैल 2026 को एटीएम बंद मिला। मौके पर जांच करने पर एटीएम लॉबी की लाइट बंद थी और मशीन के साथ किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा तोड़फोड़ की गई थी, जिससे चोरी की आशंका जताई गई। रिपोर्ट के आधार पर थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 135/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 305(e), 62 और 324(3) के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित की। जांच के दौरान तकनीकी सहायता और मुखबिर से सूचना मिली कि संदेही चंपालाल जांघेल पुलिस को देखकर छिपने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर संदेही को हिरासत में लिया और पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त औजार भी बरामद कर जब्त किए गए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंपालाल जांघेल (40 वर्ष), पिता नेतराम जांघेल, निवासी ग्राम उदयपुर, थाना छुईखदान के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)15 अप्रैल 2026