क्षेत्रीय
15-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। सब कुछ ठीक-ठाक ठाक रहा तो आने वाले समय में आईटीओ चौक पर लोगों को जाम से कुछ राहत मिल सकेगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गत दिनों बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से इस चौराहे पर जाम की समस्या कम करने के बारे में पूछा है, उन्होंने जानकारी ली कि यहां के जाम को दूर करने के लिए क्या काम हो रहा है। उसके बाद से अधिकारी हरकत में हैं। जल्द ही इसे लेकर अधिकारियों की बैठक होने जा रही है, जिसमें यातायात पुलिस के अधिकारियों को भी बुलाया जाएगा। भाजपा सरकार आने के बाद इस चौक पर जाम को लेकर व्यवहार्यता अध्ययन के निर्देश दिए गए हैं, जिस पर काम चल रहा है। विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि चौक पर जाम काम करने के लिए विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा हो रही है, किसी ठोस निष्कर्ष पर पहुंचने के लिए तकनीकी विशेषज्ञों से राय ली जा रही है। आईटीओ चौक पर फ्लाईओवर बनाकर इसे आईपी एस्टेट फ्लाईओवर से जोड़ने की योजना भी प्रमुख रूप से शामिल है। प्रतिदिन छह लाख से अधिक वाहन यहां से आवागमन करते हैं। योजना के तहत एलिवेटेड रोड को डीडीयू मार्ग पर हिंदी भवन की लालबत्ती से आईटीओ चौक पास करते हुए रिंग रोड पर बने आइपी एस्टेट फ्लाईओवर से जोड़ने की योजना है। आईटीओ चौराहे पर प्रमुख सरकारी कार्यालय हैं, जिसमें आइसीएआई, आयकर कार्यालय, पीडब्ल्यूडी मुख्यालय, बिक्री एवं कर विभाग मुख्यालय, डीडीए का विकास मीनार भवन, एजीसीआर बिल्डिंग और कई प्रकाशन कार्यालय आदि प्रमुख रूप से शामिल हैं। भूमिगत मेट्रो तिलक ब्रिज से दिल्ली गेट (बहादुर शाह जफर मार्ग) की ओर चौराहे को पार करती है। बहादुर शाह जफर मार्ग और विकास मार्ग के दोनों तरफ की सड़कों पर भारी यातायात होता है। बड़ी संख्या में कार्यालय, आईटीओ मेट्रो स्टेशन और चार बस स्टैंड के कारण यहां से बड़ी संख्या में पैदल यात्री भी गुजरते हैं। आईटीओ चौराहे पर फ्लाईओवर के लिए व्यवहार्यता रिपोर्ट के संबंध में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गत दो अप्रैल और नौ अप्रैल को बैठक हुई थीं। मुख्य सचिव के निर्देश पर 28 अप्रैल को पीडब्ल्यूडी और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने योजना स्थल का निरीक्षण किया था। टीम ने मौके की स्थिति को देखते हुए कई तकनीकी पहलुओं को लेकर भी विचार-विमर्श किया है, जिसमें भूमिगत मेट्रो लाइन होने का एक पहलू भी शामिल है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/15/ अप्रैल /2026