भिंड ( ईएमएस ) गोरमी क्षेत्र में स्थित उपाध्याय फर्नीचर हाउस में बीती रात करीब 2 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दुकान के साथ पूरा तीन मंजिला मकान इसकी चपेट में आ गया। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भिंड में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकान मकान की निचली मंजिल पर संचालित थी, जहां शॉर्ट सर्किट से आग भड़की और धीरे-धीरे ऊपर की मंजिलों तक पहुंच गई। उस समय परिवार के सदस्य ऊपर सो रहे थे। अचानक धुआं और आग की लपटें फैलने से अफरा-तफरी मच गई। धुएं के कारण दम घुटने से 53 वर्षीय सुनीता पत्नी अरुण उपाध्याय की मौत हो गई। वहीं 9 वर्षीय लकी, 31 वर्षीय वासु और 55 वर्षीय अरुण उपाध्याय घायल हो गए।