लुधियाना (ईएमएस)। आम आदमी पार्टी (आप) और उसके राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के बीच का विवाद बढ़ता जा रहा है। पंजाब की भगवंत मान की अगुआई वाली आप सरकार ने राघव चड्ढा की सुरक्षा छीन ली है। पंजाब के सहप्रभारी, सांसद और राज्यसभा में उपनेता होने के नाते चड्ढा को पंजाब पुलिस की सुरक्षा मिली थी। आप के दिल्ली के नेता सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि चड्ढा को केंद्र सरकार ने जेड प्लस सुरक्षा दे दी है। केंद्र सरकार आखिर राघव चड्ढा पर इतनी मेहरबान क्यों है? हालांकि, चड्ढा के करीबी सूत्रों के मुताबिक अभी उन्हें केंद्र से सुरक्षा नहीं मिली है। लेकिन जानकारी के मुताबिक उन्हें जल्द केंद्रीय सुरक्षा मिल सकती है। तब तक उन्हें दिल्ली पुलिस की सुरक्षा दी जा सकती है। 2 हफ्ते पहले आप ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में पार्टी उपनेता के पद से हटाकर दूसरे सांसद अशोक मित्तल को यह पद दे दिया था। उसके बाद से ही आप और राघव चड्ढा के बीच खूब बयानबाजी भी चली। आशीष दुबे / 15 अप्रैल 2026