16-Apr-2026
...


लाहौर (ईएमएस)। भारत और पाकिस्तान के क्रिकेट प्रेमी इन दिनों अपनी-अपनी फ्रेंचाइजी लीग, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) और पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल), का आनंद उठा रहे हैं। वहीं पाकिस्तान में आईपीएल से पीएसएल की तुलना का जुनून छाया हुआ है और पाक क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) पीएसएल को बेहतर बताने का प्रयास कर रहा है पर इससे वह हंसी का पात्र भी बना रहे हैं। पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी अक्सर आईपीएल के ऊपर पीएसएल की श्रेष्ठता के दावे करते रहते हैं। उनका कोई भी बयान भारत या आईपीएल का जिक्र किए बिना शायद ही पूरा होता हो। हाल ही में, जब पाकिस्तान में तेल संकट के कारण पीएसएल के मैच खाली स्टेडियम में खेले जा रहे थे, और दर्शकों की अनुमति पर सवाल उठे, तब नकवी ने मीडिया से बातचीत में आईपीएल को लाने के प्रयास किये। इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर लोग पूछ रहे हैं कि जहां पीएसएल के मुकाबले पेट्रोल-डीजल की कमी के कारण खाली स्टेडियम में हो रहे हैं, वहीं आईपीएल के मैच दर्शकों की खचाखच भीड़ के सामने खेले जा रहे हैं। पाकिस्तान के पत्रकार और मीडियाकर्मी भी पीएसएल में खेल रहे विदेशी क्रिकेटरों से बार-बार आईपीएल और पीएसएल की तुलना को लेकर सवाल पूछते रहते हैं। उनकी तलाश इस बात की होती है कि कोई खिलाड़ी आईपीएल को लेकर कुछ नकारात्मक बोल दे, ताकि वे पीएसएल की श्रेष्ठता का ढोल पीट सकें। । हाल ही में, एक पाकिस्तानी पत्रकार ने श्रीलंकाई क्रिकेटर कुसाल मेंडिस से पूछा कि क्या उन्हें पिछले साल आईपीएल (गुजरात टाइटन्स) के लिए पीएसएल छोड़ने का कोई मलाल है, खासकर सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए, जबकि अब पीएसएल उन्हें दोबारा मौका दे रहा है और आईपीएल ने उन्हें नहीं चुना। मेंडिस ने इस सवाल का कोई जवाब नहीं दिया। इस बीच, पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर अहमद शहजाद ने आईपीएल बनाम पीएसएल की इस पूरी बहस की खुले तौर पर खिल्ली उड़ाई है। शहजाद ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा, देखिए, कुसाल मेंडिस पीएसएल में खेल रहे हैं, प्रदर्शन भी कर रहे हैं, लेकिन उनसे सवाल हो रहे हैं कि आप लास्ट टाइम छोड़कर चले गए थे, आईपीएल में चले गए थे। यार, क्या कर रहे हो? उन्होंने राइली रूसो के बयान पर भी निशाना साधा। शहजाद ने कहा, परफॉर्मेंस तो उनकी क्या हो रही है, नहीं हो रही है, वो पता नहीं चल रहा है, लेकिन बयानबाजी पूरी उन्होंने की है। जब उनसे आईपीएल के बारे में पूछा गया तो पीएसएल खेलते हुए आप आईपीएल की तारीफ तो नहीं कर सकते। इसलिए उन्होंने कह दिया कि वो बॉलीवुड मूवी है। क्रिकेट तो पीएसएल में हो रही है। आईपीएल तो मूवी है जो खत्म ही नहीं हो रही है।