नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने आईएसआई के इशारे पर विदेशी हथियारों की तस्करी करने वाले शाहबाज अंसारी गिरोह के गुर्गे हर्ष पाल सिंह उर्फ रूबल को गिरफ्तार किया है। वह गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई-रोहित गोदारा का करीबी है। उसके पास से एक पिस्टल और कारतूस बरामद हुए। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर भारत में विदेशी हथियारों की तस्करी करने वाले कुख्यात अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्कर शाहबाज अंसारी के एक और गुर्गे हर्ष पाल सिंह उर्फ रूबल को गिरफ्तार किया है। हर्ष पाल गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई-रोहित गोदारा का करीबी है। इसके पास से एक अत्याधुनिक पिस्टल और पांच कारतूस बरामद किए गए हैं। अब तक क्राइम ब्रांच अंसारी गिरोह से जुड़े 13 गुर्गों को गिरफ्तार कर 24 विदेशी अत्याधुनिक हथियार और 216 कारतूस बरामद कर चुकी है। डीसीपी क्राइम ब्रांच संजीव कुमार यादव ने बताया कि एसीपी संजय कुमार नागपाल, इंस्पेक्टर मान सिंह और सुंदर गौतम की टीम ने हर्ष पाल को इंदिरापुरम इलाके से गिरफ्तार किया है। वह इंदिरापुरम, गाजियाबाद का ही रहने वाला है। हर्ष पाल सिंह वर्तमान में कृष्ण नगर में रेस्टोरेंट चला रहा था। वह निशांत अरोड़ा का भी करीबी है, जिसे पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। वह निशांत से ही अवैध हथियार और कारतूसों की खेप लेता था। अंसारी पर पहले एनआईए यूएपीए लगा चुकी है। अब क्राइम ब्रांच ने भी उसपर यूएपीए लगा दिया है। वहीं, जांच में पता चला है कि हर्ष पाल सिंह पहले 2023 में दुबई में रहने वाले गैंगस्टर राशिद उर्फ केबल वाला के संपर्क में आया था। राशिद, लॉरेंस बिश्नोई-रोहित गोदारा का हथियार सप्लायर है। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/16/अप्रैल /2026