- पोषण आहार के बाद बिगड़ी बच्चों की तबीयत’—आंगनबाड़ी से उठी सनसनी, 5 बच्चे बीमार, कार्यक्रम छोड़ विधायक सीधे अस्पताल पहुंचे बिलासपुर (ईएमएस)। आंगनबाड़ी केंद्र में दिए गए पूरक पोषण आहार के बाद 5 बच्चों के अचानक बीमार पडऩे से इलाके में हडक़ंप मच गया। उल्टी-दस्त की शिकायत के साथ बच्चों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने अपना कार्यक्रम बीच में छोडकऱ सीधे अस्पताल पहुंचकर हालात का जायजा लिया। जानकारी के अनुसार, विधायक अटल श्रीवास्तव ग्राम बेलगहना में भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि ग्राम पंचायत करहीकछार के आश्रित ग्राम केकराडीह स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में पोषण आहार खाने के बाद 5 बच्चे बीमार हो गए हैं। सूचना मिलते ही वे तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेलगहना पहुंचे। आंगनबाड़ी का खाना बना वजह, परिजनों ने बताई पूरी घटना परिजनों के मुताबिक, गांव के बच्चे आंगनबाड़ी केंद्र में पूरक पोषण आहार खाने के बाद अचानक उल्टी और दस्त करने लगे। बच्चों की तबीयत बिगड़ते देख उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज शुरू किया गया। अस्पताल में अफरा-तफरी, विधायक ने लिया हालात का जायजा अस्पताल पहुंचकर विधायक ने बच्चों की स्थिति की जानकारी ली और डॉक्टरों को जल्द से जल्द उचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य केंद्र में इस दौरान कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल भी देखने को मिला, क्योंकि एक साथ कई बच्चों के बीमार होने की खबर से परिजन भी चिंतित नजर आए। घटना के वक्त साथ में मौजूद रहे जनप्रतिनिधि इस दौरान विधायक के साथ विधायक प्रतिनिधि शिवदत्त पांडे, शिवदत्त निर्मलकर, ब्लॉक अध्यक्ष अश्वनी उद्देश्य, बेलगहना उपसरपंच अमित गुप्ता, गणेश कश्यप और राम गंधर्व सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे। पोषण आहार की गुणवत्ता पर उठे सवाल घटना के बाद आंगनबाड़ी केंद्र में दिए जा रहे पोषण आहार की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। एक साथ कई बच्चों के बीमार पडऩे से पूरे मामले ने गंभीर रूप ले लिया है और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी भी बढ़ गई है। मनोज राज 17 अप्रैल 2026