वॉशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए उन्हें अपना बेहतरीन दोस्त बताया है। ईरान और अमेरिका के बीच चल रही शांति वार्ता और क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच, ट्रंप ने मीडिया से बातचीत में खुलासा किया कि उन्होंने पश्चिम एशिया के संघर्षपूर्ण हालात को लेकर प्रधानमंत्री मोदी से विस्तार से चर्चा की है। ट्रंप ने कहा, मेरी उनसे बहुत अच्छी बात हुई। वह भारत के मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं और शानदार काम कर रहे हैं। हम दोनों के बीच की बातचीत बेहद सकारात्मक रही। दोनों वैश्विक नेताओं के बीच यह फोन कॉल मंगलवार को हुई थी, जो करीब 40 मिनट तक चली। यह बातचीत उस समय हुई है जब पश्चिम एशिया में अमेरिका-ईरान शांति वार्ता में आई अड़चनों के कारण तनाव चरम पर है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस संवाद की पुष्टि करते हुए सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप के साथ द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि दोनों देश अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और अधिक मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। इस महत्वपूर्ण वार्ता के दौरान दोनों नेताओं ने विशेष रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला और सुरक्षित रखने के महत्व पर चर्चा की, जो वैश्विक तेल आपूर्ति और व्यापार के लिए जीवन रेखा माना जाता है। अमेरिकी दूत सर्जियो गोर के अनुसार, बातचीत के दौरान ट्रंप और मोदी के बीच व्यक्तिगत गर्मजोशी भी देखने को मिली। ट्रंप ने बातचीत के दौरान यहां तक कह दिया कि हम सब आपको प्यार करते हैं, जो दोनों नेताओं के बीच के गहरे व्यक्तिगत संबंधों को दर्शाता है। उल्लेखनीय है कि इस साल प्रधानमंत्री मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच यह तीसरी आधिकारिक बातचीत थी। 28 फरवरी को ईरान पर हुए हमलों के बाद दोनों नेता दूसरी बार फोन पर जुड़े हैं। इससे पहले फरवरी में द्विपक्षीय व्यापार समझौते और मार्च में क्षेत्रीय सुरक्षा की बदलती स्थिति पर भी मंथन हुआ था। वर्तमान में ईरान और अमेरिका के बीच 15 दिनों का अस्थायी युद्धविराम (सीजफायर) लागू है और शांति वार्ता की कोशिशें जारी हैं। ऐसे में भारत के प्रधानमंत्री के साथ ट्रंप का यह संवाद वैश्विक कूटनीति के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वीरेंद्र/ईएमएस/17अप्रैल2026