इन्दौर (ईएमएस)। ऑल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्निकल एजुकेशन (एआइसीटीई) से मंजूरी मिलने के बाद देश के सबसे प्रतिष्ठित इंस्टीट्यूट में शुमार इन्दौर का श्री गोविंदराम सेकसरिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (एसजीएसआइटीएस) आगामी शैक्षणिक सत्र से दो नए प्रोफेशनल कोर्स बीटेक इन रोबोटिक्स एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और बैचलर ऑफ डिजाइन (बीडेज) शुरू करने जा रहा है। दोनों कोर्स को आगामी शैक्षणिक सत्र हेतु मई से शुरू होने वाली एडमिशन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। बीटेक रोबोटिक्स एंड एआइ कोर्स के लिए 60 तो बैचलर ऑफ डिजाइन कोर्स में 30 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। दोनों कोर्स में प्रवेश जेईई के आधार पर होगा। इन कोर्सेस का सिलेबस इंडस्ट्री की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जा रहा है। हाल ही में इस संबंध में हुई बोर्ड ऑफ स्टडीज की बैठक में विशेषज्ञों ने सिलेबस, पढ़ाई के स्तर और प्रैक्टिकल ट्रेनिंग जैसे पहलुओं पर चर्चा की गई। इन कोर्सेस की पढ़ाई को आसान बनाने के लिए हिंदी में भी इनकी पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय बैठक में लिया है। जिसके चलते सिलेबस और स्टडी मटेरियल हिंदी भाषा में भी एआइसीटीई के मानकों का पालन करते तैयार किया जा रहा है। इससे हिंदी माध्यम के विद्यार्थी बेहतर तरीके से पढ़ाई कर सकेंगे। ज्ञात हो कि रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्र की डिमांड लगातार बढ़ रही है। - आनंद पुरोहित /19 अप्रैल 2026