क्षेत्रीय
19-Apr-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। जिले से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है।जहां पर भीषण सडक़ हादसे में ट्रेलर में आग लगने से चालक की मौत हो गई। सकरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत संबलपुरी ओवर ब्रिज पर एक भीषण सडक़ हादसा सामने आया है, जहां दो ट्रेलरों के बीच जोरदार टक्कर के बाद एक ट्रेलर में आग लग गई। बताया जा रहा है कि कोयले से लदा ट्रेलर बिलासपुर से रायपुर की ओर जा रहा था, तभी सामने से आ रहे दूसरे ट्रेलर से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रेलर ने तुरंत आग पकड़ ली और देखते ही देखते पूरा वाहन धू-धू कर जलने लगा। इस दर्दनाक हादसे में ट्रेलर चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह ट्रक सहित जिंदा जल गया। मृतक चालक की पहचान बिहार निवासी अरविंद भारद्वाज के रूप में हुई है। घटना सकरी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है। मनोज राज 19 अप्रैल 2026