20-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दोहरे हत्याकांड के आरोपित असद सिद्दीकी का भी प्रॉपर्टी का काम है। सूत्रों के मुताबिक ऊंचे ब्याज पर कर्ज देने के साथ ही वह विवादित संपत्तियां भी खरीदने का काम करता है। ब्याज और मूल चुकाने में असमर्थ लोगों की बाइक, कार या अन्य सामान उठवा लेता है। वर्तमान में तारा अपार्टमेंट स्थित एफ ब्लाक फ्लैट में वह मां, पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता है। उसका एक छोटा भाई और एक बहन भी है। दोनों की शादी हो गई है। भाई सरकारी नौकरी में है और उसने लव मैरिज की है। पत्नी के साथ वह फरीदाबाद में रहता है। पिता मुकीद सिद्दीकी भी इसी कारोबार में थे और सीआर पार्क क्षेत्र में उनका काफी रसूख था। वर्ष 2015 में किडनी फेल होने से उनकी मौत हो गई थी। तब से असद ही पूरा कारोबार संभालता था। सूत्रों की मानें तो तारा अपार्टमेंट के जिस फ्लैट में वह पिछले 12 वर्ष से परिवार के साथ काबिज है, वह कांग्रेस के एक नेता के नाम पर है। उनकी मौत होने पर उनके पीए ने 10 लाख रुपये में फ्लैट पप्पू पेजर नाम के बदमाश को बेच दिया। पप्पू पेजर अपने समय का नामी बदमाश था और ब्लेड मारने में माहिर था। बाद में उसने अपराध से तौबा की और प्रॉपर्टी के काम से जुड़ गया। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/20/अप्रैल /2026