नई दिल्ली (ईएमएस)। दरियागंज के नेताजी सुभाष मार्ग पर सीवर ओवरफ्लो की समस्या से परेशान दुकानदारों ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के खिलाफ दिल्ली पुलिस को शिकायत देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। इस तरह के अलग मामले में दुकानदार पिछले एक माह से जलभराव की समस्या से परेशान हैं। विभाग की लापरवाही से तंग आकर पुलिस में लिखित शिकायत दी है और चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाने को मजबूर होंगे। दुकानदारों का आरोप है कि नेताजी सुभाष मार्ग पर सीवर की समस्या कोई नई नहीं है, यह स्थिति पिछले एक माह से बनी हुई है। सड़क पर हर समय गंदा पानी भरा रहने से न केवल चारों ओर गंदगी और दुर्गंध फैली हुई है, बल्कि ग्राहकों का आना जाना भी मुश्किल हो गया है, जिससे क्षेत्र का व्यापार प्रभावित हो रहा है। स्थानीय व्यापारियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने समस्या के समाधान के लिए पीडब्ल्यूडी, एमसीडी, जलबोर्ड समेत जनप्रतिनिधियों से शिकायत की है, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिले। विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई न होते देख दुकानदारों ने अब दिल्ली पुलिस का दरवाजा खटखटाया है। दरियागंज थाना को दी शिकायत में पीडब्ल्यूडी की लापरवाही को समस्या की मुख्य वजह बताया है। नेताजी सुभाष मार्ग पुरानी दिल्ली का अति व्यस्त मार्ग है। यह मुख्य रूप से दिल्ली गेट को लाल किले से जोड़ता है और चांदनी चौक, जामा मस्जिद व दरियागंज जैसे प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों के बीच की अहम कड़ी है। - अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/20/अप्रैल /2026