क्षेत्रीय
20-Apr-2026
...


- 6 साल का मासूम चमत्कारिक रूप से बचा, लापरवाह चालक के खिलाफ मामला दर्ज; गांव में मातम का माहौल सूरत (ईएमएस)| जिले के अनावल के निकट एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। अनावल के निकट स्थित भोरिया गांव में तेज रफ्तार कार ने बाइक पर सवार एक ही परिवार के तीन लोगों को कुचल दिया, जिससे सास, पुत्र और पुत्रवधू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर मौजूद 6 साल का मासूम बच्चा चमत्कारिक रूप से बच गया। मिली जानकारी के अनुसार, सांबा गांव निवासी परिवार किसी जरूरी काम से बाइक पर जा रहा था। जैसे ही वे भोरिया गांव के पास पहुंचे, सामने से तेज गति से आ रही कार के चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग हवा में उछलकर दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने के कारण तीनों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से सांबा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जब एक साथ तीन अर्थियां उठीं तो पूरे गांव में चीख-पुकार और सन्नाटा पसरा रहा। इस हादसे का सबसे मार्मिक और राहत भरा पहलू यह रहा कि बाइक पर सवार 6 साल का बच्चा भी दुर्घटना में शामिल था, लेकिन किस्मत से उसे गंभीर चोट नहीं आई। हालांकि, हादसे में उसने अपने परिवार के तीन अहम सदस्यों को खो दिया और अब वह अकेला रह गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में कार चालक की पहचान निलय पटेल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना में मौत का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस गंभीर हादसे के बाद स्थानीय लोगों में कार चालक की लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। - सतीश/20 अप्रैल