नई दिल्ली (ईएमएस)। वजीराबाद रोड पर बन रहे डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण कार्य इन दिनों बंद है। फ्लाईओवर के उतरने और चढ़ने के लिए जहां रैंप बनना है, वहां करीब 80 पेड़ आ रहे हैं, जो निर्माण में बाधा बने हुए हैं। अब इन पेड़ों को हटाने की अनुमति मिल गई है। पेड़ों को दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाएगा। भजनपुरा में बने वर्षों पुराने भूमिगत सबवे को पीडब्ल्यूडी जल्द ही बंद करने जा रहा है। यह सबवे फ्लाईओवर के निर्माण कार्य के बीच में आ रहा है। सड़क पार करने वाले राहगीरों के लिए भजनपुरा मेट्रो स्टेशन सेतु का काम करेगा। 1.4 किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर का निर्माण डीएमआरसी व पीडब्ल्यूडी मिलकर कर रहे हैं। यह दिल्ली का पहला ऐसा फ्लाईओवर है, जिसके ऊपर मेट्रो चल रही है और नीचे वाहन दौड़ेंगे। पीडब्ल्यूडी को काफी मशक्कत के बाद पेड़ों को हटाने की अनुमति मिली है। धीरे-धीरे पेड़ों को हटाया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने बताया कि 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। फ्लाईओवर से उतरने और चढ़ने के लिए रैंप बनाना है। पेड़ों की वजह से रैंप नहीं बन पा रहे हैं। अगले दो माह में डीएमआरसी रैंप के लिए टेंडर जारी करेगा। उम्मीद जताई कि अक्टूबर में यह फ्लाईओवर वाहन चालकों के लिए खोल दिया जाएगा। घोंडा के विधायक अजय महावर ने कहा कि यह ऐसा फ्लाईओवर है, जहां एक ही पिलर पर दो स्तर होंगे। मेट्रो का हिस्सा बनाकर शुरू कर दिया गया है। जिस पर वाहन चलने है, उस हिस्से के रैंप बनने रह गए हैं। 200 करोड़ रुपये की लागत से फ्लाईओवर तैयार किया जा रहा है। - अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/20/अप्रैल /2026