क्षेत्रीय
20-Apr-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संतोषी नगर में 19 वर्षीय युवती का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान कविता दास के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवती रविवार रात अपने प्रेमी के घर उससे मिलने पहुंची थी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद युवती ने कथित रूप से उसी घर में फांसी लगा ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। मृतका के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि युवती अपने प्रेमी द्वारा शादी के लिए बनाए जा रहे दबाव से परेशान थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। हालांकि, पुलिस इस मामले को हर एंगल से जांच रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल आत्महत्या, उकसावे या अन्य किसी संभावित कारण को लेकर जांच जारी है। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)20 अप्रैल 2026