20-Apr-2026
...


देवरी /सागर (ईएमएस)। नगर में भगवान परशुराम जी की जयंती इस वर्ष श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाई गई। पूरे आयोजन में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि नगर भक्तिमय रंग में रंगा नजर आया। सैकड़ों की संख्या में विप्र समाज के लोगों ने एकजुट होकर धर्म, संस्कृति और परंपरा की अनूठी मिसाल पेश की।कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः देव मुरलीधर मंदिर में विधि-विधान से हवन-पूजन के साथ हुई। श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम जी की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और समाज के कल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा।शाम 4 बजे मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा ने पूरे नगर का माहौल भक्तिमय कर दिया। पीले वस्त्र धारण किए विप्र समाज के लोग भगवा ध्वज के साथ उत्साहपूर्वक यात्रा में शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों और जयकारों के बीच निकली इस शोभायात्रा ने नगरवासियों का ध्यान आकर्षित किया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया, जिससे वातावरण और भी श्रद्धामय बन गया।शोभायात्रा के दौरान नगर के प्रमुख नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। बबलू जैन सिनेमा, संदीप बूठे चौरसिया, अलकेश जैन एवं पार्षद त्रिवेंद्र जाट, नितिन ठाकुर द्वारा श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई तथा पुष्पवर्षा कर यात्रा का आत्मीय स्वागत व अभिनंदन किया गया। इस पहल ने भीषण गर्मी के बीच श्रद्धालुओं को राहत देने के साथ आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया। आयोजकों ने बताया कि भगवान परशुराम जी, जो कि भगवान विष्णु के छठे अवतार माने जाते हैं, धर्म, शौर्य और सत्य के प्रतीक हैं। उनकी जयंती पर इस प्रकार के आयोजन समाज को एकजुटता और सांस्कृतिक मूल्यों को सहेजने का संदेश देते हैं। शोभायात्रा का समापन बीकेपी कॉलेज परिसर में हुआ, जहां भगवान परशुराम जी की विधिवत आरती उतारी गई। इसके पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। पूरे कार्यक्रम का समापन भक्ति और उल्लास के माहौल में हुआ।इस अवसर बड़ी संख्या में विप्र समाज के लोग उपस्थित रहे। आयोजन में समाज की एकजुटता, अनुशासन और उत्साह ने इसे और भी प्रभावशाली बना दिया। निखिल सोधिया/ईएमएस/20/04/2026