मुंबई (ईएमएस)। भारतीय संसद में महिला आरक्षण कानून बिल फेल होने के बाद महिलाओं के अधिकारों और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के भविष्य पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह बिल लोकसभा में आवश्यक दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सका, जिसके परिणामस्वरूप यह महत्वपूर्ण विधेयक पारित नहीं हो पाया। बिल को कानून का रूप देने के लिए अपेक्षित संख्या से यह काफी कम था, जिसने न केवल राजनीतिक गलियारों में बल्कि आम जनता के बीच भी गहरी निराशा पैदा कर दी है। इस बिल के पक्ष में 298 वोट पड़े, जबकि इसके विरोध में 230 वोट डाले गए। बिल की फेल होने पर अपनी गहरी निराशा व्यक्त करने वालों में बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी की बहन और फिटनेस कोच खुशबू पाटनी भी शामिल हैं। खुशबू पाटनी ने महिलाओं के अधिकारों के प्रति इस उदासीनता पर मुखर होकर सवाल उठाया है कि आखिर महिलाएं कब तक अपने हक से वंचित रहेंगी और इस तरह के फैसलों के लिए उन्हें कितना और इंतजार करना होगा। उन्होंने कहा कि सालों से वह महिलाओं के हक में लाए जा रहे इस बिल के बारे में सुन रही हैं, लेकिन इतने वर्ष बीत जाने के बाद भी यह कानून लागू नहीं हो पाया है। इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट में खुशबू ने अपनी व्यक्तिगत पीड़ा और सामूहिक निराशा को व्यक्त करते हुए पूछा, कितना और इंतज़ार? कभी जनगणना ने रोका, कभी परिसीमन ने रोका, कभी किसी राजनीतिक बहस ने रोका। आज तक महिला आरक्षण बिल लागू नहीं हो सका। उन्होंने आगे लिखा कि सभी जानते हैं कि 2026 में परिसीमन की फ्रीजिंग हट जाएगी, लेकिन उसके बाद भी क्या कोई ठोस समाधान निकल पाएगा या यह सिर्फ एक और बहाना बनकर रह जाएगा? उन्होंने इस समस्या को महिलाओं का या राजनीतिक पार्टियों का मुद्दा बताते हुए पूछा कि कितना और इंतजार करना होगा, कहीं यह इंतजार 2035 तक तो नहीं जाएगा। अपनी निराशा व्यक्त करते हुए उन्होंने लिखा, जब पैदा हुई तब सुना था, आज भी सुन ही रही हूं। ऐसा नहीं हो बुढ़ापे में भी सुनती रहूंगी। यह टिप्पणी उस पीढ़ियों पुरानी प्रतीक्षा को दर्शाती है जो भारत में महिलाओं को अपने राजनीतिक अधिकारों के लिए करनी पड़ रही है। खुशबू पाटनी महिलाओं से जुड़े हर मुद्दे पर न केवल मुखर होकर अपनी राय रखती हैं, बल्कि सक्रिय रूप से उनके सशक्तिकरण के लिए काम भी करती हैं। वे न केवल सोशल मीडिया के माध्यम से महिला सुरक्षा की वकालत करती हैं, बल्कि महिलाओं को आत्मरक्षा की ट्रेनिंग भी प्रदान करती हैं। उन्होंने महिला सुरक्षा के लिए एक सस्ता पेपर स्प्रे भी लॉन्च किया था, जिसे किसी भी आपातकालीन स्थिति में महिलाएं अपनी सुरक्षा के लिए उपयोग कर सकती हैं। इन सामाजिक कार्यों के साथ, खुशबू पाटनी हाल ही में रियलिटी शो ट्राइबवर्स में भी नजर आई हैं, जिसका प्रसारण जियो हॉटस्टार पर हो चुका है। सुदामा/ईएमएस 21 अप्रैल 2026