राष्ट्रीय
21-Apr-2026
...


-सीएम के पटना से दिल्ली रवाना होते ही मंत्रिमंडल विस्तार की होने लगी चर्चा पटना,(ईएमएस)। बिहार के मुख्यमंत्री बनने के छह दिन बाद सम्राट चौधरी मंगलवार सुबह पटना एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं, संभावना है कि आज वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री अपने आधिकारिक आवास से पटना एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं की मुलाकात शाम 4:30 बजे के बाद होने की संभावना है। यह बैठक सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद उनकी पहली औपचारिक मुलाकात मानी जा रही है, जिसे राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इस दौरान बिहार में प्रस्तावित मंत्रिमंडल विस्तार, संगठनात्मक बदलाव और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा हो सकती है। प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात से पहले सम्राट चौधरी भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व से भी संवाद करेंगे। जानकारी के अनुसार, वे पार्टी के वरिष्ठ नेता और पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात कर सकते हैं। इस बैठक में बिहार सरकार के गठन, संभावित मंत्रियों के नाम और राजनीतिक समीकरणों पर विचार-विमर्श होने की संभावना है। राजनीतिक विश्लेषकों का भी मानना है कि सम्राट चौधरी की यह दिल्ली यात्रा आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति की दिशा तय कर सकती है। खासकर मंत्रिमंडल विस्तार और केंद्र-राज्य समन्वय को लेकर इस मुलाकात के महत्वपूर्ण नतीजे सामने आ सकते हैं। हिदायत/ईएमएस 21अप्रैल26