क्षेत्रीय
21-Apr-2026
...


- महिलाएं और बच्चे भी प्रदर्शन में शामिल गरियाबंद (ईएमएस)। जिले के मैनपुर ब्लॉक अंतर्गत अमाड़ पंचायत में पुलिया निर्माण की मांग को लेकर सैकड़ों ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-130 पर चक्काजाम कर दिया। जुगाड़ के पास बड़ी संख्या में महिलाएं, स्कूली बच्चे और ग्रामीण अनिश्चितकालीन प्रदर्शन पर बैठ गए हैं। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि पुल निर्माण के नाम पर पुराने रपटे को तोड़ दिया गया, जिससे आगामी मानसून में आवाजाही पूरी तरह बाधित हो सकती है। उनका आरोप है कि बारिश से पहले वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग के बावजूद प्रशासन ने कोई पहल नहीं की। ग्रामीणों ने बताया कि 30 मार्च को कलेक्टोरेट पहुंचकर समस्या से अवगत कराया गया था, साथ ही 15 दिन पहले ही चक्काजाम की सूचना भी प्रशासन को दे दी गई थी। इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। प्रदर्शन में शामिल महिलाएं और स्कूली बच्चे हाथों में तख्तियां लेकर अपनी मांग रख रहे हैं। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम और लोकेश्वरी नेताम ने प्रशासन पर आदिवासी अंचल के साथ उपेक्षापूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बारिश के दौरान स्कूली बच्चों और गर्भवती महिलाओं को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। दरअसल, अमाड़ को नेशनल हाईवे से जोड़ने वाले मार्ग पर पट्टाबहाल नाले पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण के लिए वर्ष 2024 में 1.49 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिली थी। इस कार्य की जिम्मेदारी पीएमजीएसवाय विभाग को दी गई और एमएस नमन कंस्ट्रक्शन से अनुबंध किया गया। कंपनी ने फरवरी में काम शुरू करते हुए पुराने रपटे को तोड़ दिया और नींव की खुदाई की, लेकिन उदंती अभ्यारण्य प्रशासन से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) नहीं मिलने के कारण काम रोक दिया गया। फिलहाल नाले पर केवल कच्ची मिट्टी और रेत से अस्थायी रपटा बनाया गया है, जो हल्की बारिश में बह सकता है। प्रशासनिक तालमेल की कमी के चलते निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ है, जिसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीणों की मांग है कि बारिश से पहले रपटे की मरम्मत कर आवागमन सुचारू किया जाए, अन्यथा आंदोलन जारी रहेगा। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)21 अप्रैल 2026