क्षेत्रीय
21-Apr-2026
...


गरियाबंद(ईएमएस)। भीषण गर्मी के बीच जनगणना पूर्व फील्ड प्रैक्टिकल के दौरान प्रगणकों की सेहत का ख्याल रखते हुए देवभोग तहसील में अनोखी पहल देखने को मिली। 43 डिग्री तापमान में काम पर निकलने से पहले तहसीलदार अजय चंद्रवंशी ने प्रगणकों को लू से बचाव के लिए प्याज और सफेद टॉवेल भेंट किए, वहीं लौटने पर उनके लिए नींबू शरबत की व्यवस्था भी की गई। दरअसल, जनगणना 2027 से पहले 1 मई से 30 मई तक होने वाले मकान सूचिकरण और डिजिटल डेटा कलेक्शन कार्यक्रम के तहत दूसरे चरण का फील्ड प्रैक्टिकल आयोजित किया गया। इस अभ्यास में घोघर और लाटापारा गांवों में 50-50 प्रगणकों को भेजा गया। फील्ड में जाने से पहले तहसीलदार अजय चंद्रवंशी ने जनगणना प्रभारी विजय कश्यप, मास्टर ट्रेनर सुशील अवस्थी और गिरीश चंद्र बेहेरा के साथ मिलकर प्रगणकों को प्याज और टॉवेल वितरित किए। साथ ही, प्रैक्टिकल से पहले नाश्ता और लौटने पर नींबू शरबत पिलाकर डिहाइड्रेशन से बचाने की व्यवस्था की गई। इस पहल से प्रगणकों में उत्साह देखने को मिला और उन्होंने प्रशासन के प्रति आभार जताया। अधिकारियों ने कहा कि अभियान जितना महत्वपूर्ण है, उससे जुड़े कर्मियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य भी उतना ही जरूरी है। तहसीलदार अजय चंद्रवंशी ने बताया कि तेज गर्मी में काम के दौरान प्रगणकों की तबीयत न बिगड़े, इसके लिए यह छोटा सा प्रयास किया गया है। मई माह में चलने वाले पूरे अभियान के दौरान भी इसी तरह की व्यवस्थाएं जारी रहेंगी। निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार, प्रगणकों को पूरे अभियान के लिए 25 हजार रुपए का अतिरिक्त भुगतान किया जाएगा, जबकि प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रतिदिन 400 रुपए दिए जाएंगे। साथ ही, सभी प्रगणकों को एंड्रॉयड 12 वर्जन वाले मोबाइल के जरिए पेपरलेस काम करना अनिवार्य किया गया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)21 अप्रैल 2026