रायपुर (ईएमएस)। राजधानी के रायपुरा चौक स्थित मधुशाला बार में देर रात मारपीट की घटना सामने आई है। एक कार सवार युवक ने बार में घुसकर एक व्यक्ति पर बीयर की बोतल से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, जामगांव निवासी किराना व्यापारी संदीप अग्रवाल 18 अप्रैल की रात अपने दोस्त अनिवेश प्रताप सिंह के साथ मधुशाला बार गए थे। रात करीब 11:30 बजे दोनों बार के बाहर खड़े थे, तभी चंगोराभाठा निवासी हर्ष शुक्ला तेज रफ्तार में कार चलाते हुए वहां पहुंचा और अचानक उनके सामने गाड़ी रोक दी। इस हरकत से घबराकर दोनों अंदर बार में चले गए, लेकिन आरोप है कि हर्ष शुक्ला भी उनके पीछे अंदर घुस आया। वहां उसने गाली-गलौज करते हुए फ्रिज से बीयर की बोतल निकाली और संदीप अग्रवाल के सिर पर हमला कर दिया। हमले में संदीप के सिर पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। घटना के दौरान मौजूद अनिवेश प्रताप सिंह ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला, जिससे मामला और नहीं बढ़ा। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। - सत्यप्रकाश (ईएमएस) / 21 अप्रैल 2026