मनेन्द्रगढ़ (ईएमएस)। जिले के जनकपुर वन परिक्षेत्र के खिरकी गांव में जंगली जानवरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। ताजा मामले में गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व से सटे इलाके के एक घर में तेंदुआ घुस गया, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, तेंदुआ घर के अंदर कमरे की बालकनी में आराम से बैठा हुआ था। जैसे ही घरवालों की नजर उस पर पड़ी, परिवार में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। आसपास के लोगों को जब इसकी सूचना मिली तो वे भी घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम रेस्क्यू की तैयारी के साथ मौके पर पहुंची। किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी गई। कई घंटों की मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने सफलतापूर्वक तेंदुए का रेस्क्यू कर उसे घर से बाहर निकाला। इसके बाद ही स्थिति नियंत्रण में आ पाई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की आशंका बनी हुई है। वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की जा रही है। - सत्यप्रकाश (ईएमएस) / 21 अप्रैल 2026