जांजगीर(ईएमएस)। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर करीब 5 साल बाद ट्रैफिक सिग्नल दोबारा शुरू कर दिए गए हैं, लेकिन फिलहाल इसका अपेक्षित असर नहीं दिख रहा है। पुलिस की निगरानी के अभाव में वाहन चालक खुलेआम रेड लाइट जंप कर रहे हैं। अब इस अव्यवस्था पर लगाम लगाने के लिए राज्य परिवहन आयुक्त के निर्देश पर जिले के 12 संवेदनशील स्थानों पर हाईटेक कैमरे लगाने की तैयारी की जा रही है। इसकी शुरुआत कचहरी चौक से होगी, जहां आधुनिक कैमरे सिग्नल तोड़ने और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों को स्वतः ट्रेस करेंगे। कैमरों के जरिए वाहन नंबर प्लेट स्कैन कर चालकों को मोबाइल पर फोटो, समय और लोकेशन के साथ ई-चालान भेजा जाएगा। इसके साथ ही नेशनल और स्टेट हाईवे के 11 स्थानों पर स्पीड रडार कैमरे भी लगाए जाएंगे, जो ओवरस्पीड वाहनों पर नजर रखेंगे। यातायात पुलिस के अनुसार, ये कैमरे सिग्नल जंप, बिना हेलमेट, ओवरस्पीड, गलत पार्किंग और ट्रिपल राइडिंग जैसे नियम उल्लंघनों को रिकॉर्ड करेंगे। वर्तमान में कचहरी चौक और नेताजी चौक पर सिग्नल चालू हैं, लेकिन संकरी सड़कों और बढ़ते ट्रैफिक के कारण खासकर शाम के समय जाम की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में हाईटेक सिस्टम से यातायात व्यवस्था सुधारने की उम्मीद जताई जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)21 अप्रैल 2026