रायपुर(ईएमएस)। राजधानी के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में बीती रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान गोलू यादव और राजू यादव के रूप में हुई है। दोनों युवक रोज की तरह काम खत्म कर सिब्बल ग्रीन से अपने घर लौट रहे थे। देर रात सरीखेड़ी के पास पहुंचने पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां गोलू यादव को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि राजू यादव ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी चालक की पहचान की जा सके। हादसे ने सरीखेड़ी और अग्रसेन धाम चौक क्षेत्र की सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना आम बात हो गई है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से यहां सख्त यातायात नियंत्रण, नियमित जांच और निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। पुलिस फिलहाल फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)21 अप्रैल 2026